n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सेक्टर 91 और आसपास की कॉलोनियों में पिछले एक हफ्ते से लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सूर्या नगर फेस-1, फेस-2, इस्माइलपुर, सेहतपुर, सूर्या विहार, अगवानपुर, विष्णु एनक्लेव सहित करीब 50 से अधिक छोटी-बड़ी कॉलोनियों के करीब 10 हजार निवासी इससे प्रभावित है। लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से दैनिक कार्य पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गए है। शनिवार को रात भर बिजली कटौती से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। लोग बिजली निगम के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर शिकायत करते रहे।
कई घरों में मोटर न चलने से पानी की भी समस्या खड़ी : निवासियों का कहना है कि गर्मी के बीच बिजली न होने से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोगों को रातभर नींद नहीं आ पाई और कई घरों में मोटर न चलने से पानी की भी समस्या खड़ी हो गई।
सूर्या नगर फेस-2 के निवासी विजय ने बताया कि यहां बिजली निगम से कई बार मांग करने पर करीब दो साल पहले सेक्टर का एक अलग फीडर स्थापित किया गया, लेकिन उसी फीडर से आसपास की कॉलोनियों को भी जोड़ दिया गया है। इससे लोड बढ़ गया है और बार-बार फॉल्ट की स्थिति बन रही है। यदि कॉलोनियों के लिए अलग व्यवस्था की जाए तो समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। यहां सूर्या नगर और इसके आसपास के इलाकों में अधिक कटौती की समस्या बनी हुई है।
हालात में कोई सुधार नहीं हुआ, समाधान की मांग : पिछले एक हफ्ते से समस्या ने गंभीर रूप ले लिया है। जैसे जैसे गर्मी बढ़ रही है कटौती भी बढ़ने लगी है। रोजाना 10 से 15 बिजली कट लग रहे है, जो दो से तीन घंटे के होते है। शनिवार को तो कटौती ने हद ही कर दी, यहां रात भर कटौती रही है। रात भर लोग बिजली निगम में शिकायत कर समाधान की मांग करते रहे। बता दें कि गुरुवार को बिजली लाइन में आग लगने के कारण करीब 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। लोगों को उम्मीद थी कि इसके बाद समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। बल्कि कटौती की समस्या लगातार बनी हुई है। निवासियों में बिजली निगम के खिलाफ काफी नाराजगी है। लोग समाधान की मांग कर रहे है। उनका कहना है कि अगर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

