n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
जनगणना केंद्रों पर खराब खाने व असुविधा संबंधी शिकायतों को देखते हुए अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी व नगर आयुक्त गौरव कुमार ने रविवार को प्रशिक्षण केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने जोन-5 स्थित इंडिया लिटरेसी बोर्ड और जोन-2 स्थित ईदगाह परिसर में प्रशिक्षण सत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगणकों (एन्यूमरेटर) और सुपरवाइजर्स से बात की। नगर आयुक्त ने प्रशिक्षण केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं को देखा।
नगर आयुक्त ने सभी अपर नगर आयुक्त व जोनल अफसरों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने जोनल अफसरों से जवाब मांगा कि आखिर बिना उच्च अफसरों को सूचना दिए बड़े स्तर पर प्रगणक और सुपरवाइजर्स के नाम ड्यूटी से कैसे हटाए गए। इसे लेकर नगर आयुक्त ने जोनल अफसरों से स्पष्टीकरण मांगा है। मामले में जांच का जिम्मा अपर नगर आयुक्त ललित कुमार को सौंपा गया है। मामले में एडीएम राकेश सिंह ने नगर निगम को पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
गैरहाजिर रहने वालों पर होगी कार्रवाई : नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जो प्रगणक और सुपरवाइजर प्रशिक्षण से अनुपस्थित हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सभी प्रगणकों और सुपरवाइजर्स के लिए एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा।

