n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जो योग्य और क्षमतावान नौजवान यूपी पुलिस बल का हिस्सा बनना चाहते हैं, उनके लिए यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड बेहतर अवसर मुहैया करवाएगा। इसके लिए पुलिस विभाग में इसी साल एक लाख पदों पर नई भर्ती होगी।
सीएम ने मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में यूपी पुलिस के दूरसंचार विभाग में चयनित 936 चीफ ऑपरेटरों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 10 अभ्यर्थियों को खुद नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों से कहा कि आप सभी की भर्ती निष्पक्ष और ईमानदारी से हुई। अब आपका दायित्व है कि साफ नीयत, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करें।
सीएम ने कहा कि नौ साल पहले पुलिस में निष्पक्ष भर्ती संभव नहीं थी। पहले लेनदेन और नियुक्ति में भेदभाव होता था, लेकिन अब किसी को सिफारिश नहीं करनी पड़ती और न ही पैसा देना पड़ता है। सिर्फ योग्यता, क्षमता और आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए भर्ती पूरी होती है। आज यूपी में ऐसा माहौल है कि जिसमें क्षमता है, उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। कभी बीमारू राज्य रहा यूपी अब भारत के विकास में योगदान दे रहा है। 8पेज 8


