Chanderkant.yadav @timesofindia.com
nफरीदाबाद : अगर आप दिल्ली-मुंबई-एक्सप्रेसव वे पर उलटी दिशा में वाहन चलाते पाए गए तो अब चालान के साथ ही आपकी गाड़ी भी जब्त होगी। यह मामला सोमवार को सेक्टर-12 लघु सचिवालय में आयोजित जिला रोड सेफ्टी कमिटी की बैठक में जोर-शोर से उठा। इस दौरान डीसी आयुष सिन्हा ट्रैफिक पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर बिफर पड़े। एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों और रॉन्ग साइड ड्राइविंग को लेकर डीसी ने कड़ा रुख अपनाते हुए ट्रैफिक पुलिस से पूछा कि आखिर कितनी गाड़ियों को अब तक इंपाउंड (जब्त) किया गया है? जब ट्रैफिक एसीपी शैलेंद्र ने नियम का हवाला देते हुए कहा कि "इसमें गाड़ी जब्त करने का प्रावधान नहीं है", तो डीसी ने कहा, "एक मिनट में आप लोगों को मोटर व्हीकल एक्ट बता दूंगा। अगली बार से गाड़ियां इंपाउंड होनी चाहिए।’’ मीटिंग में दिल्ली-मथुरा नैशनल हाइवे के कट को दुरुस्त करने और जल्द से जल्द एएनपीआर कैमरे लगाने के भी आदेश दिए।


