‘बेटा मैं अस्पताल में भर्ती हूं, बिल भरना है पैसे भेज दो’

नवभारतटाइम्स.कॉम

साइबर ठगों ने पिता बनकर बेटी से ठगी की। बेटी को पिता के वॉट्सऐप से संदेश आया कि वह अस्पताल में भर्ती हैं और बिल भरने के लिए 48 हजार रुपये चाहिए। बेटी ने तुरंत पैसे भेज दिए। बाद में पिता को फोन करने पर सच्चाई का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

son i am admitted to the hospital send money cyber thugs posing as father defrauded daughter of rs 48000

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

साइबर जालसाज अब भाई-बहन और रिश्तेदार ही नहीं, खुद को पिता बताकर भी ठगी करने लगे हैं। ऐसे में अब और ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। ताजा मामले में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति का वॉट्सएप अकाउंट हैक कर उनकी बेटी को मेसेज किया और इलाज के नाम पर उससे 48 हजार रुपये हड़प लिए। मानेसर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिता के अस्पताल में होने की बात सुन भेज दिए रुपये : मूलरूप से महेंद्रगढ़ के कनीना निवासी कीर्ति शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुड़गांव सेक्टर-86 की पिरामिड सोसायटी में रहती हैं। 16 अप्रैल को उनके पास उनके पिता के वॉट्सऐप नंबर से एक मेसेज आया। मेसेज में लिखा था कि बेटा मैं अस्पताल में भर्ती हूं और मुझे बिल भरने के लिए 48 हजार रुपये की जरूरत है, मैं QR कोड भेज रहा हूं, मुझे 48 हजार रुपये भेज दो। पिता की बीमारी और अस्पताल में होने की बात सुनकर कीर्ति घबरा गईं। ठग ने विश्वास जीतने के लिए तुरंत एक QR कोड भेजा। कीर्ति ने बिना समय गंवाए उस कोड पर रुपये ट्रांसफर कर दिए।

बाद में पिता को कॉल करने पर सच्चाई का पता चला : पैसे भेजने के बाद जब कीर्ति ने अपने पिता का हालचाल जानने के लिए उन्हें फोन किया, तो उनके होश उड़ गए। पिता ने बताया कि वह बिल्कुल ठीक हैं और उन्होंने कोई पैसे नहीं मांगे हैं। जांच करने पर पता चला कि उनके पिता का वॉट्सऐप अकाउंट हैक किया गया था। ठग ने पहली पेमेंट के बाद दोबारा पैसे की मांग भी की, लेकिन तब तक कीर्ति को सच्चाई का पता चल चुका था और वह सतर्क हो चुकी थीं।