n NBT रिपाेर्ट, गुड़गांव: साइबर ठगों ने पेंशन बंद होने का डर दिखाकर एक व्यक्ति से 51 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली। थाना साइबर क्राइम मानेसर पुलिस ने केस दर्ज किया है। श्रीनिवास सिंह ने पुलिस को बताया कि वह मानेसर के गांव कासन में रहते हैं। 8 अप्रैल को उनके पास वॉट्सऐप कॉल आई। कॉलर ने खुद को पेंशन ऑफिस का कर्मचारी बताते हुए कहा कि वह एक APK फाइल भेज रहा है, जिसे तुरंत डाउनलोड करना होगा, नहीं तो उनकी पेंशन बंद कर दी जाएगी। यह सुन उन्होंने वॉट्सऐप पर आई APK फाइल को डाउनलोड कर इंस्टॉल कर लिया। इसके बाद उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। कुछ ही देर में उनके पंजाब नैशनल बैंक खाते से 51 हजार 500 रुपये निकल गए।


