n NBT रिपोर्ट, पटौदी: तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान जमीन की बिक्री के लिए पहुंचे एक विक्रेता ने पूरी प्रक्रिया के ठीक बाद रजिस्टर्ड डॉक्युमेंट फाड़ दिया। सब रजिस्ट्रार की शिकायत पर पटौदी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना 15 अप्रैल की है। रामपुर निवासी प्रवीण कुमार तहसील कार्यालय पटौदी में रजिस्ट्रेशन के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि प्रक्रिया के दौरान फोटो खींचने और प्रिंट निकलने के बाद जब साइन करने की बारी आई तो आरोपी ने सरकारी डॉक्युमेंट (वसीका) फाड़ दिया। रजिस्ट्रेशन क्लर्क ने तुरंत इसकी रिपोर्ट सब रजिस्ट्रार को दी, इसके बाद फटे डॉक्युमेंट साक्ष्य के तौर पर लिफाफे में सील किए गए। सब रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से आई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ASI संजीव की टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की। जिसके बाद पुलिस ने अब केस दर्ज किया है।


