n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
राजीव चौक के पास एक सीएनजी ऑटो में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने तक का मौका तक नहीं मिला और वह वाहन के भीतर ही जिंदा जल गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। पुलिस फिलहाल घटना की जांच कर रही है।
चंद सेकंड में आग का गोला बना ऑटो: जानकारी के अनुसार, राजीव चौक के पास मुख्य सड़क पर एक ऑटो जा रहा था। अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते पूरा ऑटो आग की लपटों से घिर गया। चूंकि ऑटो में सीएनजी किट लगी थी, इसलिए गैस के संपर्क में आते ही आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास मौजूद राहगीरों ने चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
लोहे के ढांचे में तब्दील हुआ वाहन: हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जलकर लोहे का ढांचा बन चुका था। पुलिस को ड्राइवर सीट पर चालक का पूरी तरह जला हुआ शव मिला। इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर ट्रैफिक भी बाधित रहा।
मृतक चालक की नहीं हो सकी पहचान : पुलिस ने ऑटो चालक को झुलसी हालत में पाया तो उसे ऐम्बुलेंस से सेक्टर-5 स्थित निजी अस्पताल में पहुंचाया। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह भी पता नहीं चल सका कि ऑटो चालक नशे में था, जिससे वह आग लगने के बाद ऑटो से नहीं उतर सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मृत चालक की पहचान करने में जुटी है।


