nNBT न्यूज, बांदा/लखीमपुर: शादी समारोह से लौटते समय हुए हादसों में चार चचेरे भाइयों के साथ कुल आठ लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार के कारण हुए हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वैन में ट्रक ने मारी टक्कर: महोबा जा रही बारातियों की वैन में सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में वैन के परखचे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैन में फंसे घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इलाज शुरू होने से पहले चार की मौत हो चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का इलाज चल रहा है। मरने वालों की पहचान हमीरपुर निवासी मोहन, आशीष, जितेंद्र और कमलेश के रूप में हुई है। वहीं, दिलीप कुमार, रोहित और बाबू को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
चार चचेरे भाइयों ने तोड़ा दम: लखीमपुर में तेज रफ्तार कार ने सोमवार रात फरधान के लखनापुर चौराहे के पास दो बाइकों में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चार चचेरे भाइयों मौत हो गई। मृतकों की पहचान बसारा गांव निवासी आदर्श (29), अनुज (35) और मिर्जापुर सोनौरा गांव के कृष्णा शुक्ला (30) व मोहित (32) के रूप में हुई है।



