LDA देगा आर्किटेक्ट, नक्शा पास करवाना होगा आसान

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ विकास प्राधिकरण भवन नक्शा पास कराने की प्रक्रिया को सरल बना रहा है। अब एलडीए योग्य आर्किटेक्ट्स का एक पैनल तैयार करेगा। इससे नागरिकों को सीधे प्रमाणित और विश्वसनीय सेवाएं मिलेंगी। बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और धोखाधड़ी की आशंका भी कम होगी। यह नई व्यवस्था नक्शा स्वीकृति को तेज और पारदर्शी बनाएगी।

lda panel architects to make map approval easier freedom from middlemen

n NBT न्यूज, लखनऊ

भवन नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया को आसान, तेज और पारदर्शी बनाने के लिए एलडीए योग्य आर्किटेक्ट्स का पैनल तैयार करेगा। आर्किटेक्ट्स के इम्पैनलमेंट के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि आवासीय और व्यावसायिक भवनों के निर्माण के लिए नागरिकों को प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृत करवाना होता है। अभी लोगों को निजी स्तर पर आर्किटेक्ट तलाशने पड़ते है, जहां कई बार बिचौलियों के कारण अतिरिक्त खर्च और धोखाधड़ी की आशंका बनी रहती है। कई मामलों में तकनीकी खामियों के कारण आवेदन निरस्त हो जाता है।

नई व्यवस्था के तहत पैनल में शामिल आर्किटेक्ट्स की सूची उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे लोगों को सीधे प्रमाणित और विश्वसनीय सेवाएं मिल सकेंगी। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और अतिरिक्त भुगतान पर भी रोक लगेगी। काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर में पंजीकृत आर्किटेक्ट ही आवेदन कर सकेंगे। चयनित आर्किटेक्ट्स को उपलब्धता के आधार पर प्राधिकरण कार्यालय में वर्क स्पेस भी दिया जाएगा। उनके लिए 75 रुपये/वर्गमीटर की दर से फीस तय की गई है, जबकि बेहतर प्रदर्शन पर 50 हजार रुपये तक का तिमाही इंसेंटिव भी मिलेगा।