n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में मंगलवार देर रात छात्रों ने कुलपति आवास का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में मिलने वाले खराब खाने के कारण एक छात्रा की तबीयत बिगड़ी, जिसकी घर जाने के एक सप्ताह बाद मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित सैकड़ों छात्र रात करीब 11 बजे वीसी आवास पर एकत्र हुए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। काफी देर तक जब कोई अधिकारी नहीं मिला तो आक्रोशित छात्र गेट फांद कर कुलपति आवास में घुसे और तोड़फोड़ की। बचाव में विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने लाठियों से छात्रों को खदेड़ा। इस दौरान कई छात्राओं को भी पीटा गया। देर रात तक बवाल चलता रहा।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हॉस्टल की मेस में आए दिन खाने में कीड़े निकल रहे हैं और गुणवत्ता बेहद खराब है, जिससे छात्र लगातार बीमार पड़ रहे हैं। छात्रों का दावा है कि प्रशासन को कई बार शिकायत करने के बावजूद इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसका खामियाजा एक छात्रा को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ा। छात्रों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा।
दूसरी ओर, विश्वविद्यालय प्रशासन ने खाने से मौत के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रोफेसर रामचंद्र ने बताया कि छात्रा 20 अप्रैल को अपने घर चली गई थी और उसकी मौत 26 अप्रैल को हुई है। उन्होंने तर्क दिया कि विवि परिसर में सैकड़ों अन्य छात्र भी वही खाना खा रहे हैं, ऐसे में केवल खराब खाने को मौत का कारण बताना सही नहीं है। प्रॉक्टर के अनुसार, छात्रा की मौत की वजह कुछ और भी हो सकती है। फिलहाल, विवि में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


