n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया सफल बनाने के लिए ADC सोनू भट्ट ने लोगों से अपील की है कि वे 30 अप्रैल तक अपनी जानकारी खुद ऑनलाइन दर्ज करें। बताया कि स्व-गणना से लोग घर बैठे अपनी जानकारी भर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल से ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद लॉगिन कर सकते हैं। पोर्टल पर पंजीकरण के दौरान घर के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर, जिला और शहर की जानकारी दर्ज करनी होगी और मैप पर घर की लोकेशन सेट करनी होगी। इसके बाद मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, सामाजिक वर्ग, पानी, बिजली, शौचालय, रसोई और अन्य सुविधाओं से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। सभी विवरण भरने के बाद डेटा को जांचकर सबमिट करें। इसके बाद मिलने वाली सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी को सुरक्षित रखें जिसे गणना कर्मी के आने पर दिखाना होगा। एडीसी ने बताया कि जनगणना का पहला चरण एक से 30 मई और दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा।


