इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) के मैच इन दिनों पूरे जोश के साथ चल रहे हैं। 10 टीमें मैदान में हैं और हर मुकाबला अनिश्चितताओं से भरा हुआ। क्रिकेट को यूं ही ‘अनिश्चितताओं का खेल’ नहीं कहा जाता। कभी जीत की खुशी हमें उत्साहित करती है, तो कभी हार का डर या अचानक बदलते हालात हमें तनाव, चिंता और निराशा से भर देते हैं।
सवाल यह है कि क्या खेल देखते समय हम तनाव से मुक्त रह सकते हैं? अक्सर तनाव तब पैदा होता है, जब हम किसी टीम या खिलाड़ी से भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं। हम चाहते हैं कि हमारी पसंदीदा टीम जीते, हमारा पसंदीदा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करे। यही अपेक्षाएं मन में दबाव पैदा करती हैं और हम खेल के वास्तविक आनंद से दूर हो जाते हैं। खेल की बारीकियां, उसकी सुंदरता, रणनीति और कौशल हमारी नजर से ओझल हो जाते हैं। इतना ही नहीं, यह मानसिक तनाव हमारे स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है।
इसके विपरीत, यदि हम मैच को एक तटस्थ दर्शक की तरह देखें, यानी सिर्फ खेल का आनंद बिना जीत-हार से प्रभावित होकर लें, तो हमारा अनुभव बदल जाता है। जब हम परिणाम की चिंता से मुक्त हो जाते हैं, तब क्रिकेट केवल जीत-हार का खेल नहीं रह जाता, वह कौशल, टीमवर्क, रणनीति और खेल भावना का एक सुंदर उत्सव बन जाता है।
जीवन भी कुछ हद तक क्रिकेट मैच की तरह है - एक लीला। जब हम जीवन में हर चीज को अपने स्वार्थ, अपेक्षाओं और आसक्तियों से जोड़ लेते हैं, चाहे वो रिश्ते हों, पैसा हो, प्रतिष्ठा या परिस्थितियां, तो तनाव और चिंता बढ़ने लगती है। लेकिन यदि हम जीवन की घटनाओं को थोड़ी दूरी और तटस्थता के साथ देखना सीख लें, तो मन हल्का होने लगता है। इसी तरह से हम जीवन में आनंद तलाश सकते हैं।
वास्तव में, तटस्थ दृष्टि हमें न केवल खेल का, बल्कि जीवन का भी गहरा आनंद देती है। जब हम आसक्ति से मुक्त होकर केवल साक्षी बनते हैं, तब तनाव कम होता है और जीवन अधिक शांत, संतुलित और समृद्ध अनुभव में बदल जाता है।



