n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को ‘ नारी शक्ति वंदन अधिनियम ’ के मद्देनजर विशेष सत्र के दौरान अनूठी पहल करते हुए विधायक शिखा राय को सदन की कार्यवाही संचालित करने के लिए आमंत्रित किया। यह पहल महिला सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित करने और उसे सम्मान देने के मकसद से की गई। शिखा राय ने अध्यक्षता करते हुए चेयरपर्सन-इन-चेयर के रूप में कार्यवाही का संचालन किया, जो विधानसभा की विधायी कार्यों में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
विशेष सत्र के दौरान 15 से 20 विधायकों ने चर्चा में हिस्सा लिया। अजय महावर, राजकुमार भाटिया, पूनम शर्मा, शिखा रॉय, नीलम पहलवान, तरविंदर सिंह मारवाह, हरीश खुराना, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान मंत्री कपिल मिश्रा ने स्वाति मालीवाल का मुद्दा उठाते हुए आम आदमी पार्टी को घेरा, जिसका आम आदमी पार्टी ने विरोध भी किया।
आप ने बीजेपी की मंशा पर उठाया सवाल : विशेष सत्र के दौरान ‘आप’ के अजय दत्त, संजीव झा, कुलदीप कुमार, विरेंद्र कादियान, विशेष रवि ने भी चर्चा में हिस्सा लिया। संजीव झा ने कहा कि 106वां संशोधन पहले ही सर्वसम्मति से पास हो चुका था, फिर अचानक नए संशोधन की जरूरत क्यों? अगर सच में महिलाओं को अधिकार देना मकसद होता, तो विपक्ष के साथ संवाद होता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।


