NBT न्यूज, जींद
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का ट्रायल मंगलवार को सफल रहा। अब जल्द ही रेलगाड़ी ट्रैक पर दौड़ती नजर आएगी। मंगलवार को मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त (सीसीआरएस) जनक कुमार गर्ग की मौजूदगी में हाइड्रोजन ट्रेन को 80 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से सोनीपत तक दौड़ाया गया। सीसीआरएस जींद जंक्शन पहुंचे। उनके पहुंचते ही निरीक्षण की शुरुआत हाइड्रोजन प्लांट से की गई। उन्होंने प्लांट की बारीकी से जांच की और सुरक्षा, तकनीकी व्यवस्था, गैस स्टोरेज, फ्यूलिंग सिस्टम समेत अन्य पहलुओं का निरीक्षण किया।
जैसे ही ट्रेन जंक्शन पर पहुंची तो ट्रेन को देखने के लिए यात्री उत्सुक नजर आए। ट्रेन के पास यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने स्पेशल अनाउंसमेंट करवाई कि वे रोहतक जाने के लिए हाइड्रोजन ट्रेन में नहीं चढ़ें। उनके लिए दूसरी ट्रेन इसी प्लेटफार्म पर थोड़ी देर में आएगी। यात्रियों ने ट्रेन के अंदर झांक कर देखा। इस यात्री ने ट्रेन के अंदर देख कर बोला कि इसमें सिर्फ पानी के कैन रखे हैं। वहीं यात्रियों ने ट्रेन के साथ सेल्फी भी ली।
मंगलवार को 2.45 मिनट पर हाइड्रोजन ट्रेन जींद जंक्शन से रवाना हुई। जो दोपहर बाद 2.57 मिनट पर पांडू पिंडारा स्टेशन पर पहुंची। यहां 14 मिनट ठहराव के बाद ट्रेन दोपहर बाद तीन बजकर 11 मिनट पर आगे रवाना हुई। ट्रेन लगभग पांच बजे सोनीपत पहुंची। वहीं से अधिकारी दिल्ली के लिए रवाना हुए। ट्रेन पांच बजे के बाद सोनीपत से जींद के लिए रवाना हुई। हाइड्रोजन ट्रेन के सफल ट्रायल पर सभी बेहद खुश थे


