NBT न्यूज, रोहतक : पी पीजीआईएमएस रोहतक ने स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। संस्थान की मोबाइल मेडिकल वैन अब गांव-गांव पहुंचेगी। एक सामाजिक संस्था ने पूर्णतः सुसज्जित मोबाइल मेडिकल यूनिट प्रदान की है। इस यूनिट में दो अत्याधुनिक डेंटल चेयर्स, पोर्टेबल एक्स-रे सुविधा तथा एंडोस्कोप, एलईडी ओटोस्कोप, मिनी ऑडियोमीटर सहित अन्य आवश्यक उन्नत डायग्नोस्टिक उपकरण लगाए गए हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से स्वास्थ्य शिविरों के दौरान दंत, ईएनटी तथा त्वचा से संबंधित रोगों की व्यापक जांच एवं उपचार प्रभावी रूप से किया जा सकेगा।
हेल्थ यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ. एचके अग्रवाल ने मंगलवार को इस मोबाइल मेडिकल वैन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पीजीआई का उद्देश्य सिर्फ परिसर में इलाज देना नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना है। यह मोबाइल यूनिट हमारी उसी सोच का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्रों में दांत, कान-नाक-गला और त्वचा की बीमारियों से हजारों लोग परेशान रहते हैं। पैसे और समय की कमी के कारण वे बड़े अस्पताल नहीं आ पाते। अब यह बस उनके गांव में जाकर विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ मुफ्त जांच और शुरुआती इलाज देगी।
यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि यह मोबाइल यूनिट हरियाणा के स्वास्थ्य नक्शे पर एक नई लकीर खींचेगी। पीजीआईएमएस प्रशासन हर शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराएगा।



