n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
इंडस्ट्रियल एरिया बिलासपुर के तावड़ू रोड के पास स्थित नामी डिलिवरी कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक सामान की आड़ में अवैध शराब की तस्करी का मामला सामने आया है। सोमवार को स्कैनिंग के दौरान कंपनी के सिक्यॉरिटी ऑफिसर ने शिपमेंट में शराब होने का शक होने पर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद प्लास्टिक के ड्रमों से 73 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। बिलासपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव कालपुरी नूंह निवासी महेश लडान डिलिवरी कंपनी में सिक्यॉरिटी ऑफिसर हैं। महेश ने बताया कि सोमवार को उनकी कंपनी में नई दिल्ली (पिनकोड 110045) से इलेक्ट्रॉनिक आइटम के नाम पर तीन शिपमेंट बॉक्स आए थे। जब इन बॉक्स को स्कैनिंग के दौरान एक्स-रे मशीन से जांचा गया तो उनमें बोतलों जैसी आकृतियां दिखाई दीं।
हर ब्रैंड का एक-एक सैंपल लिया: सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर बीरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस की मौजूदगी में तीनों कार्टन खोले गए, तो उनके अंदर नीले रंग के तीन प्लास्टिक ड्रम मिले। ड्रमों को खोलने पर अलग-अलग ब्रैंड की 73 बोतलें महंगी विदेशी शराब की बरामद हुईं। पुलिस ने हर ब्रैंड की एक-एक बोतल को सैंपल के तौर पर अलग रखा और बाकी 67 बोतलों को सील कर जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह शिपमेंट दिल्ली से भेजा गया था। फिलहाल केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच हवलदार इंद्रजीत को सौंपी गई है। जल्द ही शिपमेंट भेजने वाले और प्राप्त करने वाले आरोपी का पता लगा लिया जाएगा।


