असेंबली कैंपस में पैरलल सदन चलाने पर हुड्डा से जवाब तलब

नवभारतटाइम्स.कॉम

हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को नोटिस भेजा है। विधानसभा परिसर में समानांतर सदन चलाने और सत्र को असंवैधानिक बताने पर हुड्डा से जवाब मांगा गया है। स्पीकर ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। यह पहली बार है जब स्पीकर ने ऐसी कड़ी कार्रवाई की है।

असेंबली कैंपस में पैरलल सदन चलाने पर हुड्डा से जवाब तलब

NBT न्यूज, चंडीगढ़

हरियाणा विधानसभा परिसर में समानांतर सदन चलाने और विधानसभा सत्र को असंवैधानिक बताने पर पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा नए विवाद में फंस गए हैं। विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने इसे गंभीरता से लेते हुए विपक्ष के नेता को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। स्पीकर ने विपक्ष के नेता से पूछा कि उन्होंने किस आधार पर विधानसभा के विशेष सत्र को असंवैधानिक बताया और किस अधिकार या नियम के तहत विधानसभा परिसर में विधायकों को इकट्टा करते हुए समानांतर सदन की कार्यवाही का संचालन किया।

हरियाणा विधानसभा के स्पीकर की ओर से ऐसी कड़ी कार्रवाई पहली बार की गई है। हालांकि पूर्व में भी विपक्ष द्वारा विधानसभा परिसर में समानांतर सदन चलाए जाते रहे हैं, लेकिन इस बार स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने कड़ा रुख अपनाया है। ऐसा इसलिए किया गया है, क्योंकि कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी सरकार की ओर से बुलाए गए विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र को असंवैधानिक करार देते हुए उसके बहिष्कार की घोषणा कर दी थी और विधानसभा परिसर में समानांतर सदन चलाया था।हरविन्द्र कल्याण ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ-साथ सरकार के मुख्य सचिव से भी इस विषय पर टिप्पणी मांगी है।