n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के कारण चार अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। इनमें 11 साल के मासूम सहित तीन युवक गंभीर तौर पर घायल हो गए। पुलिस ने चारों मामलों को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला थाना बिलासपुर एरिया का है।
पीड़ित बिल्ला ने पुलिस को बताया कि 29 मार्च को उनकी पत्नी कैलाश रानी और 11 साल का बेटा देव कुमार ऑटो में श्रीराम स्कूल जा रहे थे। जब ऑटो हनुमान मंदिर के पास पहुंचा, तो चालक की लापरवाही के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में देव के सिर, टांग और छाती पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया।
ट्रक ने साइकल सवार का पैर कुचला : सेक्टर-5 थाना एरिया में अशोक विहार निवासी नरेश कुमार साइकल पर शीतला माता मंदिर जा रहे थे। मंदिर के मेन गेट के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रक चालक नरेश के दाहिने पैर पर टायर चढ़ाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अचानक ब्रेक मारे तो टकराई बाइक :सेक्टर-37 थाना एरिया के द्वारका एक्सप्रेसवे पर 31 मार्च की रात करीब 10 बजे आलोक कुमार सेक्टर-35 से ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी आगे चल रहे एक ट्रक मिक्सर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही आलोक की बाइक ट्रक से जा टकराई। पुलिस ने आलोक के भाई अंकित मिश्रा की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
वाहन की टक्कर से युवक घायल: डीएलएफ फेज-1 थाना एरिया के मेट्रो स्टेशन के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से रोहित निवासी सेक्टर- 28, गुड़गांव घायल हो गए। रोहित ने बताया कि 28 मार्च की शाम करीब 6:30 वह उद्योग विहार से अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। डीएलएफ फेज-1 मेट्रो स्टेशन से आगे वन-वे की तरफ मुड़ने वाले थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।



