एक ही फ्लैट कई लोगों को बेचा, 24 लाख रुपये ठगे

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में एक फ्लैट को कई बार बेचकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। डिंपल सहगल और विपिन कुमार सहगल नाम के दंपती पर आरोप है कि उन्होंने एक ही फ्लैट को अलग-अलग लोगों को बेच दिया। शिकायतकर्ता संजय सेतिया ने बताया कि उनसे 24 लाख रुपये लिए गए।

faridabad couple defrauds 24 lakhs by selling the same flat to multiple buyers fraud case registered

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

एनआईटी थाना क्षेत्र में एक दंपती ने एक ही फ्लैट को कई लोगों को बेचकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने आरोपी डिंपल सहगल और उसके पति विपिन कुमार सहगल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एनएच-5 निवासी संजय सेतिया ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने साझेदार विजय विरमानी के साथ मिलकर 8 जुलाई 2025 को सेक्टर-48 स्थित लेक व्यू अपार्टमेंट के फ्लैट का सौदा 72 लाख रुपये में किया था। आरोपी डिंपल सहगल ने खुद को फ्लैट की वैध मालकिन बताते हुए यह एग्रीमेंट किया, जबकि उनके पति विपिन सहगल भी पूरे सौदे में सक्रिय रूप से शामिल रहे। आरोप है कि दोनों ने मिलकर शिकायतकर्ता से 24 लाख रुपये वसूल लिए, जिसमें 14 लाख रुपये एग्रीमेंट के समय और 10 लाख रुपये बाद में दिए गए। लेकिन आरोपियों ने यह महत्वपूर्ण तथ्य छिपाया कि फ्लैट पहले से ही बैंक लोन के अधीन था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने इसी फ्लैट को अन्य लोगों को भी बेचने के लिए अलग-अलग एग्रीमेंट किए। 12 जुलाई 2025 को एक अन्य व्यक्ति से 75 लाख रुपये में और 5 दिसंबर 2025 को एक अन्य दंपती से 87 लाख रुपये में सौदा किया गया, जबकि पहला एग्रीमेंट पहले से प्रभावी था। जब 6 फरवरी 2026 को रजिस्ट्री की तारीख आई, तो आरोपी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में पेश नहीं हुए और टालमटोल करते रहे। इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।