n NBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर में अक्टूबर 2025 में हुए अपहरण और हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बब्लू निवासी गांव अभार, जिला भरतपुर (राजस्थान), हाल निवासी गांव कैली, फरीदाबाद और सुल्तान निवासी गांव राधाकुंड, मथुरा, हाल निवासी गांव पलवली, फरीदाबाद के रूप में हुई है। वहीं तीसरा आरोपी सोहेल उर्फ धांधू अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक इंदिरा नगर निवासी नवीन ने 7 अक्टूबर 2025 को थाना सेक्टर-8 में शिकायत दी थी कि उसका बेटा कृष्णा किसी काम से घर से गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अगले दिन यानी 8 अक्टूबर को कृष्णा का शव बाटा फ्लाईओवर के नीचे रेलवे ट्रैक के पास मिला, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बबलू को शक था कि कृष्णा उसकी पत्नी से बातचीत करता है। इसी शक के चलते उसने अपने साथी सुल्तान को एक हजार रुपये देकर कृष्णा को शराब पिलाने के लिए कहा। जिस पर 7 अक्टूबर को सुल्तान कृष्णा को शराब पिलाने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गया। इसके बाद बबलू अपने भांजे सोहेल उर्फ धांधू के साथ वाईएमसीए चौक पहुंचा और कृष्णा को गाड़ी सहित गांव कैली की तरफ ले गए। वहां सुनसान जगह पर कृष्णा के साथ मारपीट की गई। मारपीट के बाद आरोपी कृष्णा को वापस गाड़ी में बैठाकर ले गए और रास्ते में फिर से उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान कृष्णा की मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को बाटा फ्लाईओवर से नीचे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।


