जन्मदिन पर होटल में फंदा लगा युवक ने दी जान

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के खेड़की गांव के नरेश कुमार ने अपने जन्मदिन पर रेवाड़ी के एक होटल में फांसी लगा ली। होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो नरेश का शव पंखे से लटका मिला। परिजनों और ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे।

young man commits suicide in hotel on birthday in laws also reach the spot

n NBT न्यूज, रेवाड़ी

गुड़गांव की एक कंपनी में नौकरी करने वाले 25 वर्षीय युवक ने अपने बर्थ-डे पर रेवाड़ी के एक होटल में फांसी लगा ली। होटल स्टाफ ने शहर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजे को तोड़ा तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार गुड़गांव के गांव खेड़की के नरेश कुमार की शादी चार महीने पहले रेवाड़ी के गांव सूमा खेड़ा की युवती से हुई थी। दो अप्रैल को जन्मदिन पर नरेश रेवाड़ी पहुंचे और रेलवे रोड स्थित एक होटल में कमरा बुक कराया। होटल स्टाफ ने देर शाम को कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खोला तो स्टाफ ने पुलिस को मामले की सूचना दी। इस पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, टीम ने मौके पर ही दरवाजे को तोड़ा तो देखा कमरे में नरेश का शव फंदे से लटका हुआ था। नरेश ने पंखे से फंदा लगाया हुआ था। मामले की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मौके से कोई स्यूसाइड नोट नहीं मिला है। नरेश की जेब से धारूहेड़ा की बाइक पार्किंग की एक पर्ची मिली। उसकी बाइक भी वहां खड़ी मिली। सवाल उठ रहा है कि जन्मदिन पर नरेश गुड़गांव से रेवाड़ी क्यों आए। सूचना मिलने के बाद मृतक के ससुराल वाले भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। गोकलगेट पुलिस चौकी इंचार्ज ने कहा कि होटल में मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया साधारण सुसाइड का मामला लग रहा है। सभी बातों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।