n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय अब निजी कॉलेजों में भी छात्रों के दाखिले करवाएगा। निजी कॉलेज एलयू की ओर से निर्धारित शुल्क देकर प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए विवि ने दाखिले की पॉलिसी में बदलाव किया है। नई पॉलिसी के तहत एलयू में दाखिले के लिए जिन छात्रों ने आवेदन किया है, उन्हें अब एलयू के साथ ही निजी कॉलेजों का भी विकल्प दिया जाएगा। विवि एलयू कैंपस व कॉलेजों की सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग कराने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत ऐडेड कॉलेजों के अलावा निजी कॉलेजों को भी शामिल किया जाएगा।
ये होगा शुल्क
विवि की ओर से जारी गाइडलाइन के मुताबिक निजी कॉलेजों को 31 मई तक शुल्क जमा करना होगा। इसके लिए दो कैटिगरी में शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रफेशनल कोर्सों के लिए कॉलेजों को दो कोर्सों में दाखिले के लिए डेढ़ लाख रुपये देना होगा। वहीं सामान्य में दो कोर्सों के लिए एक लाख रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। दो से अधिक पाठ्यक्रमों के लिए 50 हजार रुपये प्रति कोर्स अतिरिक्त शुल्क चुकाना होगा।
ऐसे मिलेगा विकल्प
एलयू में प्रफेशनल कोर्सों में दस फीसदी छात्रों को भी दाखिला नहीं मिल पाता है क्योंकि सीटें सीमित होती हैं। ऐसे में हाई रैंकर्स को तो एलयू कैंपस मिल जाता है। लेकिन अब लो रैंकर्स को भी ऑनलाइन काउंसलिंग में शामिल किया जाएगा। उन्हें एलयू कैंपस की जगह कॉलेजों का विकल्प दिया जाएगा। ये छात्र के ऊपर होगा कि वह उसमें दाखिला लेना चाहते हैं या नहीं।


