n NBT रिपोर्ट, ट्रांस हिंडन
इंदिरापुरम और वसुंधरा की सोसायटियों में गीले कूड़े के निस्तारण को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस संबंध में 85 सोसायटियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। वहीं, सोमवार से सोसायटियों में इसे लेकर जागरुकता कैंपेन भी शुरू होने जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी नोटिस प्राप्त सोसायटियों को दो महीने का समय दिया गया है। इस अवधि के भीतर उन्हें गीले कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था खुद करनी होगी। यदि तय समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रबंधन नहीं किया गया, तो जून के पहले सप्ताह से इन सोसायटियों से नगर निगम की ओर से गीला कूड़ा उठाना पूरी तरह बंद करने का कदम उठाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि कई सोसायटियां इस प्रक्रिया को समझने के लिए विभाग से संपर्क कर रही हैं। उन्हें गीले कूड़े के निस्तारण, जैसे कंपोस्टिंग और वेस्ट सेग्रीगेशन के बारे में जानकारी दी जा रही है। विभाग का कहना है कि यह कदम शहर में कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसी क्रम में नगर निगम सोमवार से सोसायटियों में जागरुकता कैंपेन शुरू करेगा, जिसके तहत सोसायटी निवासियों और आरडब्ल्यूए को गीले और सूखे कूड़े के पृथक्करण और घरेलू स्तर पर कचरे के निस्तारण के तरीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा।



