nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : आर्मी मेडिकल कोर की वर्षगांठ में बच्चों ने विभिन्न खेलों में प्रतिभा दिखाई। सैनिकों के लिए सम्मेलन आयोजित किया गया। मौके पर श्रद्धांजलि समारोह भी हुआ।
आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) की 262वीं वर्षगांठ एएमसी सेंटर और कॉलेज में शुक्रवार को मनाई गई। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह ने ‘श्रद्धांजलि’ (युद्ध स्मारक) पर पुष्पांजलि अर्पित कर कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले एएमसी के वीर योद्धाओं को नमन किया। वर्षगांठ समारोहों के तहत एएमसी सेंटर और कॉलेज के अधिकारियों, जवानों, उनके परिवारीजनों और बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और मनोरंजन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर एक विशेष सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह ने अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि आर्मी मेडिकल कोर को शांति एवं युद्ध दोनों परिस्थितियों में सैनिकों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रशिक्षण के उच्चतम मानकों को बनाए रखना होगा। वर्षगांठ समारोहों का समापन एएमसी सेंटर और कॉलेज के ऑफिसर्स मेस में आयोजित भव्य सामाजिक संध्या के साथ हुआ, जिसमें फॉर्मेशन मुख्यालय के वरिष्ठ सेवारत अधिकारी, एएमसी के पूर्व अधिकारी एवं उनके जीवनसाथी उपस्थित रहे।



