nNBT न्यूज, लखनऊ
जरहरा स्थित मानस ग्रीन कॉलोनी में रहने वाले आवंटियों ने निजी बिल्डर पर मेंटिनेंस शुल्क के नाम पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। निवासियों का कहना है कि डराने के लिए बिल्डर ने सीवर और पानी के कनेक्शन तक बंद कर दिए। मेंटिनेंस शुल्क का स्पष्ट हिसाब देने के बजाए बिल्डर बहाने बना रहा है।
वर्ष 2015 में कॉलोनी तैयार हुई, यहां 350 से अधिक आवासों में लोग रह रहे हैं। आवंटियों का कहना है कि जब भी मेंटिनेंस के खर्च का हिसाब मांगा जाता है, तो बिल्डर टालमटोल करता है। बिल्डर की ओर से किसी भी सुविधा का खास लाभ नहीं मिल रहा, इसके बावजूद मेंटिनेंस शुल्क की दरें बढ़ाकर वसूली की जा रही है। क्षेत्रीय पुलिस से शिकायत करने के साथ ही डॉ. दिनेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में आवंटियों ने मुख्यमंत्री के अपर प्रमुख सचिव से शिकायत कर बिल्डर की मनमानी रोकने की मांग की है। इस संबंध में बिल्डर बीके मिश्रा का कहना है कि पूरी कॉलोनी के लोग मेंटिनेंस शुल्क जमा कर रहे हैं, केवल एक व्यक्ति को छोड़कर। हमें भी लेबर और सिक्यॉरिटी पर खर्च करना पड़ता है, इसमें मनमानी के आरोप गलत हैं।



