n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : सोनीपत स्थित बिजली निगम के एक अधीक्षण अभियंता ( Superintending Engineer ) की ओर से जाट समाज के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के प्रयोग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसे लेकर समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को बल्लभगढ़ स्थित राजा नाहर सिंह महल में जाट समाज के प्रतिनिधियों ने पत्रकार वार्ता कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पत्रकार वार्ता में समाज के नेता संदीप चौधरी ने कहा कि अधीक्षण अभियंता द्वारा जाट समाज के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया पर विडियो वायरल होने के बाद मिली। उन्होंने कहा कि अधिकारी द्वारा किसी समाज के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार ने फिलहाल आरोपी अधीक्षण अभियंता को सस्पेंड कर दिया है, लेकिन केवल सस्पेंशन पर्याप्त नहीं है। समाज की मांग है कि अधिकारी के खिलाफ तुरंत केस दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।



