n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : आग से आतंक फैलाने की साजिश के आरोप में गिफ्तार आरोपित पाकिस्तानी हैंडलर के लिए रेकी भी कर रहे थे। एटीएस की जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का सरगना साकिब महत्वपूर्ण संस्थानों और राजनीतिक शख्सियत की रेकी कर उनकी जानकारी पाकिस्तानी हैंडलर को भेज रहा था।
एटीएस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि सोशल मीडिया के जरिए एक गिरोह पाकिस्तानी हैंडलरों के लगातार संपर्क में है। इसकी छानबीन में मेरठ में हेयर सैलून चलाने वाले साकिब का पता चला। खुलासा हुआ कि वह टेलिग्राम, सिग्नल और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर, कई कट्टरपंथी ग्रुप और अफगानिस्तान के कई नंबरों के संपर्क में था। पाकिस्तानी हैंडलर उसे गैस सिलिंडर से भरे ट्रकों और रेलवे सिग्नल बॉक्स में आगजनी के लिए उकसा रहा था। साकिब ने कुछ जगह आगजनी कर इसके विडियो भी हैंडलर को भेजे थे। इसकी एवज में उसे क्यूआर कोड के जरिए पैसा मिला था।



