n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सगाई के बाद मंगेतर का किसी अन्य लड़की से संबंध होने का शक युवती की जान पर भारी पड़ गया। 30 मार्च को युवती को पता चला कि उसका मंगेतर किसी लड़की से मिलने गया है। इस पर युवती भी अपने सहेली को लेकर वहां पहुंच गई। विवाद होने पर युवक ने दोनों को जबरन गाड़ी में बैठाया और वहां से चल दिया। इस दौरान एक कार ने उनका पीछा करते हुए सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन के यू-टर्न के पास उनकी कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी सफदरजंग अस्पताल में 1 अप्रैल को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में शुक्रवार को युवती के परिजनों ने आरोपी मंगेतर और पीछा कर रहे कार सवारों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
दिल्ली के न्यू कोंडली स्थित जय अंबे अपार्टमेंट निवासी अजय चौहान ने पुलिस से बताया कि उनकी बहन राधा की सगाई 26 नवंबर नोएडा निवासी शिवा त्यागी से हुई थी। सगाई के दौरान युवती के परिजनों ने शिवा को चार लाख रुपये कैश और गहने भी दिए थे। कुछ समय बाद उनकी बहन राधा को शक हुआ कि शिवा किसी दूसरी लड़की से बात करता है। इसी दौरान 30 मार्च को शिवा की मां ने ही राधा को बताया कि शिवा सेक्टर-73 स्थित शौर्य बैंक्वेट के पास किसी लड़की मिलने की बात बोलकर गया है। इस पर राधा अपनी दोस्त पूजा के साथ मौके पर पहुंची। वहां शिवा बलेनो कार में दूसरी लड़की के साथ मिला। इसको लेकर उनके बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। विवाद बढ़ता देखकर कुछ अज्ञात लोग मौके पर आ गए। आरोप है कि शिवा ने कार चालक की मदद से राधा और उसकी दोस्त को जबरन कार में बैठाया और वहां से निकल गया। इस दौरान मौके पर मौजूद युवकों ने अपनी नैक्सोन कार से शिवा की गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। उनके साथ एक स्विफ्ट कार भी बताई जा रही है। सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन के यू-टर्न के पास पीछा कर रही नैक्सोन कार ने शिवा की गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में राधा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



