n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए इंवेस्ट यूपी दूसरे राज्यों में अपने सैटलाइट ऑफिस के लिए भर्तियां करने की तैयारी कर रहा है। साथ ही इन ऑफिसों के लिए जमीन भी चिह्नित कर रहा है। सैटलाइट दफ्तरों के लिए इंवेस्ट यूपी महाप्रबंधक निवेश प्रोत्साहन और पांच सहायक महाप्रबंधक (निवेश प्रोत्साहन) के पदों पर भर्तियां करेगा। ये भर्तियां जल्द ही इंवेस्ट यूपी द्वारा शुरू की जाएगी। महाप्रबंधक निवेश प्रोत्साहन के लिए 1.75 लाख रुपये प्रति महीने का वेतन रखा गया है। वहीं, सहायक महाप्रबंधन पद पर चयनित होने वाले व्यक्ति के लिए 85,000 रुपये महीने का वेतन निर्धारित किया गया है।
पांच शहरों में खोले जाने हैं सैटलाइट ऑफिस : अलग-अलग राज्यों से निवेश आकर्षित करने के लिए देश के पांच प्रमुख शहरों में सैटलाइट ऑफिस खोले जाएंगे। ये ऑफिस मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नै में खोले जाएंगे। इसके अलावा अन्य स्टाफ की भी नियुक्ति इन सैटलाइट दफ्तरों के लिए की जाएगी। दरअसल, राज्य सरकार का फोकस है कि विदेश के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी बड़े पैमाने पर निवेश आए। जिसका काम सैटलाइट दफ्तरों के माध्यम से किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश के बड़े औद्योगिक केंद्रों से पूंजी निवेश को सीधे उत्तर प्रदेश तक लाना और निवेशकों को राज्य की नीतियों एवं संभावनाओं से जोड़ना है।
प्रत्येक ऑफिस में होगा समर्पित स्टाफ : हर ऑफिस में एक जनरल मैनेजर, एक असिस्टेंट जनरल मैनेजर, दो उद्यमी मित्र, दो एग्जिक्यूटिव और दो ऑफिस असिस्टेंट की टीम कार्य करेगी। सभी पांचों कार्यालयों पर कुल 12 करोड़ रुपये से अधिक की वार्षिक धनराशि व्यय होने का अनुमान है।



