n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : शहर में फॉगिंग की अनियमित व्यवस्था से लोग परेशान हो रहे हैं। कई वॉर्डों में समय पर फॉगिंग नहीं होने से मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से न तो नियमित फॉगिंग कराई जा रही है और न ही नालियों की सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है। शास्त्रीनगर के रहने वाले हरपाल शर्मा और मुकेश कुमार ने बताया कि उनके इलाके में लंबे समय से फॉगिंग नहीं हुई है। नालियां भी गंदी पड़ी हैं जिससे मच्छरों का डर बढ़ रहा है। इसी तरह गोविंदपुरम के रेजिडेंट्स ने भी फॉगिंग न होने की शिकायत की है। राजेश शर्मा और कपिल कुमार का कहना है कि इलाके में मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है लेकिन निगम की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। वहीं निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हर वार्ड में एक छोटी और हर जोन में एक बड़ी मशीन से फॉगिंग हो रही है। अगर किसी को शिकायत है तो निगम की हेल्पलाइन पर फॉगिंग नहीं होने की शिकायत की जा सकती है।



