n NBT न्यूज, फरीदाबाद : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के लिंक रोड की सर्विस लाइन के किनारे ग्रिल उखाड़ने के मामले को नैशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ( NHAI ) ने गंभीरता से लिया है। अथॉरिटी ने ग्रिल को ठीक करने का काम शुरू कर दिया है। एनबीटी ने हाल ही में ‘सुरक्षा पर नहीं ध्यान, ग्रिल काट खतरे में डाल रहे जान’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी, जिसके बारे में नैशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों को अवगत कराया था। इस पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने जहां ग्रिल उखाड़ी गई वहां पर काम कराना शुरू कर दिया है। खास कर सेक्टर-30 श्रमिक विहार के आसपास लोगों ने अपनी सुविधा के अनुसार रास्ते बनाए हुए हैं। अब रास्तों को बंद किया जा रहा है। हालांकि लोगों ने रास्ते बंद न करने के लिए भी कर्मचारियों से कहा, लेकिन कर्मचारियों ने उनकी एक न सुनी। ग्रिल लगने के बाद वहां रास्ता बंद होने से किसी प्रकार के हादसे की संभावना खत्म हो गई है।



