n NBT न्यूज, फरीदाबाद/हथीन : शिक्षा निदेशालय ने फॉर्म-6 जमा न करने वाले निजी स्कूलों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें अंतिम अवसर दिया है। विभाग ने सभी संबंधित स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे 5 अप्रैल तक हर हाल में फॉर्म-6 भरकर जमा करें। यदि इसके बाद भी कोई स्कूल जानकारी उपलब्ध नहीं कराता है, तो उसे नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने 19 मार्च को प्रदेश के सभी निजी स्कूलों को पत्र जारी कर फॉर्म-6 के माध्यम से बढ़ी हुई फीस से जुड़ी पूरी जानकारी मांगी थी। इसके लिए 31 मार्च तक की समय सीमा तय की गई थी। लेकिन जिले के लगभग 1200 निजी स्कूलों में से 303 निर्धारित समय सीमा तक यह जानकारी जमा नहीं कर सके। इस लापरवाही को देखते हुए विभाग ने सख्ती दिखाते हुए इन स्कूलों का एमआईएस पोर्टल बंद करने का निर्णय लिया था। इसके बाद स्कूल प्रबंधकों में हड़कंप मच गया और उन्होंने शिक्षा अधिकारियों से पोर्टल दोबारा खोलने की मांग की। शिक्षा विभाग ने उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर एमआईएस पोर्टल फिर से खुलवाया, ताकि स्कूल अपनी लंबित जानकारी जमा कर सकें।



