n NBT न्यूज, दनकौर
दौला रजपुरा गांव निवासी व्यक्ति ने रास्ते में खड़ी कार को टच होने पर 10 लोगों पर जानलेवा हमला करने और लूटपाट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष के 5 लोग घायल भी हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित शेरदिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 मार्च को वह अपने परिवार के चार अन्य लोगों के साथ कार से किसी काम से जा रहे थे। जब वे मंडपा गांव के पास पहुंचे, तभी रास्ते में खड़ी एक कार से उनकी गाड़ी हल्की टकरा गई। इस मामूली बात पर कार चालक ने अपने साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर पीड़ित व उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने कार में सवार सभी लोगों के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। साथ ही आरोपियों ने उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने करीब 15 हजार रुपये भी लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मंडपा गांव निवासी शोएब उर्फ काले, संजय, शाहरुख, इंतजाम और बबलू समेत पांच नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ़ केस दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







