NBT न्यूज,करनाल
हरियाणा के करनाल-इंद्री रोड पर गांव समौर और रंभा के बीच एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह ट्रांसपोर्ट का काम करता था। शुक्रवार की रात हादसा होने के बाद ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को गाड़ी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। रात करीब 12 बजे जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तब डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया, जिसके बाद शनिवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय ऋतिक शर्मा के रूप में हुई है।।






