स्कूल बस से कुचल कर दो भाइयों की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम

कुरुक्षेत्र के लाडवा में बपदी रोड पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक प्राइवेट स्कूल की बस ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों जिया लाल और लाल सिंह को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

स्कूल बस से कुचल कर दो भाइयों की मौत

एनबीटी न्यूज,कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में बपदी रोड पर प्राइवेट स्कूल बस ने शनिवार को दो चचेरे भाइयों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक्सिडेंट के बाद आरोपी ड्राइवर बस मौके पर छोड़कर भाग गया। हालांकि बस में सवार सभी स्कूली बच्चे सुरक्षित हैं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को अस्पताल के शवगृह में भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, मरने वालों की पहचान जिया लाल और लाल सिंह के रूप में हुई। दोनों भाई लाडवा से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान प्राइवेट स्कूल की बस ने उनकी बाइक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी।

संजीव कश्यप ने बताया कि जिया लाल और लाल सिंह दोनों उनके चाचा थे। दोनों घर का राशन लेने के गए थे। राशन लेकर दोनों अपनी बाइक पर शाम करीब 4 बजे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बपदी रोड पर सुगनी देवी आर्य कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बस ने बाइक के पीछे टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही दोनों भाई बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इस दौरान बस के पहिए उनके ऊपर से निकल गया। दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।लाडवा के डीएसपी निर्मल सिंह और एसएचओ गुरनाम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद आरोपी बस ड्राइवर मौके से भाग गया।

जिया लाल के बेटे राहुल ने होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया हुआ है। घर में राहुल के रिश्ते की बात चल रही थी। करीब 2 साल पहले जिया लाल ने अपनी बेटी सपना का विवाह किया था। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। हादसे का आरोपी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होगा।