n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन के पास ऑटो चालकों की मनमानी और दबंगई का मामला सामने आया है। सवारी बैठाने को लेकर हुई खींचातानी का विरोध करने पर तीन ऑटो चालकों ने 21 वर्षीय युवक की पिटाई कर दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के पिता की शिकायत पर सेक्टर-49 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर म्यू-2 स्थित शिवशक्ति अपार्टमेंट निवासी विप्लव सिंह 8 अप्रैल की रात करीब 11 बजे पैदल मेट्रो स्टेशन की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह स्टेशन पहुंचे, वहां खड़े ऑटो चालकों ने उन्हें जबरन अपने वाहन में बैठाने के लिए खींचना शुरू कर दिया। जब विप्लव ने इस बदसलूकी और जबरदस्ती का विरोध किया, तो सोरखा निवासी चालक अमित और उसके दो साथियों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट में युवक को काफी चोट आई है। आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। किसी तरह वहां से बचकर निकले विप्लव ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। पुलिस अब घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा सके।







