n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर 49 थाना क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति को फाइनेंस पर ली कार बेचना भारी पड़ गया। कार खरीदने वाले व्यक्ति ने किश्त रोक दी। आरोपी ने कार को आगे तीसरे व्यक्ति को बेच दिया। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर दो लोगाें के खिलाफ सेक्टर 49 थाने में केस दर्ज कराया है।
हरियाणा फरीदाबाद के कंवारा कला बदरपुर सैद गांव के रहने वाले लखन कुमार कार चलाते हैं। उन्होंने 2023 में वैगनआर कार एयू स्माल फाइनेंस बैंक से लिए लोन पर ली थी। उन्होंने फरवरी 2024 में कार को फर्रुखाबाद के शादी नगर के शिव कुमार को डेढ़ लाख रुपये में बेची थी। बची किश्त शिव कुमार को जमा करनी थी, लेकिन शिव कुमार ने ऐसा नहीं किया। कार को आगे कासगंज नानक वक्स गंज के विशाल गुप्ता को बेच दिया। लखन ने किश्त जमा करने को बोला तो शिव कुमार कार और बची किश्त देने से मना कर रहा है। बैंक प्रबंधन से किश्त जमा कराने का दबाव बनाने से पीड़ित को आर्थिक परेशानी हो रही है। उसका सिबिल स्कोर भी खराब हो रहा है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।







