पकड़ा गया फर्ज़ी पासपोर्ट से विदेश भागा गैंगस्टर साहिल

नवभारतटाइम्स.कॉम

पुलिस को लंबे समय से जिस गैंगस्टर साहिल चौहान की तलाश थी, उसे थाईलैंड से भारत लाया गया है। फर्जी पासपोर्ट के सहारे विदेश भागा साहिल हत्या, रंगदारी और डकैती जैसे 16 मामलों में वांछित था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी भी उस पर नजर रख रही थी। उससे पूछताछ में कई राज खुलने की उम्मीद है।

gangster sahil who fled abroad with a fake passport arrested from thailand brought to india

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

जिस गैंगस्टर की तलाश लंबे समय से पुलिस कर रही थी, आखिरकार वह थाईलैंड से पकड़ा गया। हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) भुप्पी राणा और बंबीहा गैंग के सक्रिय बदमाश गैंगस्टर साहिल चौहान को थाईलैंड से भारत ले आई। शनिवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट से उसे टीम अपने साथ भोंडसी मुख्यालय ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के रडार पर भी था। वह आतंक-गैंगस्टर गठजोड़ से जुड़े मामलों में वांछित था। 2024 में बंगलुरू से फर्जी पासपोर्ट से विदेश फरार हुए साहिल पर हत्या, रंगदारी और डकैती जैसे 16 मामले दर्ज हैं। बदमाश का जाल यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में फैला हुआ है।

एसटीएफ के अनुसार, अंबाला के शाहजादपुर का रहने वाला 26 वर्षीय साहिल चौहान 2016 में अपराध की दुनिया में आया। उस पर हत्या, मर्डर की कोशिश, लूट और रंगदारी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। रोहतक में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या के मामले में उसका नाम आ चुका है। बताया जा रहा है कि वह विदेश में बैठकर इंटरनेट व विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए कारोबारियों को धमकाकर करोड़ों की रंगदारी मांगता था। एक केस में आरोपी को 10 साल की सजा हो चुकी है, लेकिन जमानत पर आने के बाद फरार हो गया था। इसके बाद वह अन्य गैंग के साथ मिलकर वारदात करता रहा।

पुलिस के पास सवालों की लंबी लिस्ट

एसटीएफ को खुफिया इनपुट मिला था कि साहिल चौहान थाईलैंड में है। इसके बाद उसे भारत लाने के लिए डिपोर्टेशन की प्रक्रिया कई दिन से चल रही थी, जिसे पूरा कर उसे वापस लाया गया। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस ने आरोपी से कई मामलों में और उसके साथियों के बारे में जानकारियां लेने के लिए सवालों की लंबी लिस्ट तैयार कर रखी है। पूछताछ में कई राज खुलने की उम्मीद है।