nNBT न्यूज, फरीदाबाद
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित एनडीए (नेशनल डिफेंस एकेडमी) और सीडीएस (कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज) परीक्षा रविवार को जिले के 7 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार परीक्षा दो पालियों में होगी। एनडीए परीक्षा का पहला पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा दूसरा पेपर दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वहीं सीडीएस परीक्षा के तहत पहला पेपर सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, दूसरा पेपर दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक और तीसरा पेपर दोपहर 4 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर मैजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचे और अपने साथ आवश्यक दस्तावेज जैसे प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं। साथ ही किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक वस्तु परीक्षा केंद्र में ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।







