245 करोड़ से बदलेगी NH-48 की सूरत

नवभारतटाइम्स.कॉम

दिल्ली-गुड़गांव का व्यस्त एनएच-48 अब बदलने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण 245 करोड़ रुपये से 28 किलोमीटर हिस्से को नया रूप देगा। इससे लाखों यात्रियों का सफर तेज, सुरक्षित और आरामदायक होगा। जलभराव से भी राहत मिलेगी। यह प्रोजेक्ट अगले दो वर्षों में पूरा होगा।

nh 48 overhaul delhi gurgaon highway to become superfast and safe with 245 crore

n तरुण तायल, गुड़गांव

दिल्ली-गुड़गांव के सबसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-48 का अब बड़ा कायाकल्प होने जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने करीब 28 किलोमीटर लंबे हिस्से को नया रूप देने के लिए 245 करोड़ रुपये का प्रॉजेक्ट तैयार किया है। इसके पूरा होने के बाद लाखों यात्रियों का सफर पहले से ज्यादा तेज, सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगा।

करीब 18 साल पुराने इस हाइवे पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण सड़क कई जगह पर पूरी तरह से कमजोर हो चुकी हैं। अब नई लेयरिंग, री-सर्फेसिंग और मजबूती का काम किया जाएगा। हाइवे पर पुराने और क्षतिग्रस्त बैरियर को हटाकर नए मजबूत न्यू जर्सी बैरियर लगाए जाएंगे। इससे दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। रात के समय बेहतर दृश्यता के लिए नई आधुनिक लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं जिन ब्लैक स्पॉट्स पर सबसे ज्यादा हादसे होते हैं, वहां विशेष सुधार और साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

दिल्ली-हरियाणा की कनेक्टिविटी होगी मजबूत: इस प्रॉजेक्ट के तहत किलोमीटर 14.3 से 36.63 तक सड़क 8 लेन और 36.63 से 42 तक 6 लेन वाले हिस्से को मजबूत किया जाएगा। यह कॉरिडोर दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाली अहम लाइफलाइन है, इसलिए इसका सीधा फायदा रोजाना हजारों यात्रियों को मिलेगा। NHAI अधिकारियों के मुताबिक, काम शुरू हो चुका है। यह हाइवे वर्ष 2008 में बना था और अब बढ़ते ट्रैफिक के कारण बड़े सुधार की जरूरत थी। लक्ष्य है कि अगले दो वर्षों में पूरा काम खत्म कर लोगों को नया और सुरक्षित सफर अनुभव दिया जाए।

जलभराव से मिलेगी राहत: राजीव चौक क्षेत्र से हीरो होंडा चौक और खेड़कीदौला टोल प्लाजा के बीच सर्विस रोड पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इस हिस्से में कंक्रीट का काम कराया जाएगा, जिससे बरसात में पानी जमा नहीं होगा और वाहन चालकों को राहत मिलेगी।