नर्सिंग कॉलेज पर शोषण का आरोप जान देने के प्रयास पर जांच शुरू

नवभारतटाइम्स.कॉम

नॉलेज पार्क स्थित एक नर्सिंग संस्थान में छात्रा ने प्रबंधन पर शोषण का आरोप लगाया है। छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया और सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में छात्रा का परीक्षा में फेल होना और फीस वापसी की मांग सामने आई है।

nursing college accused of exploitation student attempts suicide police investigate

n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

नॉलेज पार्क स्थित एक इंस्टिट्यूट में नर्सिंग (जीएनएम) प्रथम वर्ष की एक छात्रा द्वारा प्रबंधन पर मानसिक शोषण और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। छात्रा ने सोशल मीडिया पर एक विडियो साझा कर संस्थान के अधिकारियों को अपनी स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

ग्रेनो वेस्ट निवासी पीड़िता का आरोप है कि हॉस्टल में उसे अकेला रहने के लिए मजबूर किया गया और बाद में वहां से निकाल दिया गया। छात्रा का दावा है कि जब उसने फीस वापस मांगी, तो प्रबंधन ने उसके माता-पिता को बुलाकर उनके सामने उसे बेइज्जत किया। इस विडियो के वायरल होने के बाद नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। इस मामले में ग्रेटर नोएडा के डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि छात्रा का विडियो पुराना है और मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह तथ्य सामने आया है कि छात्रा प्रथम वर्ष की परीक्षा में फेल हो गई थी, जिसके बाद वह फीस वापसी की मांग कर रही थी। वह एक महीने से कैंपस नहीं आई थी और हॉस्टल छोड़कर अपने घर से ही आना-जाना कर रही थी।