मारपीट का विडियो वायरल करने पर की गई थी साहिल की हत्या

नवभारतटाइम्स.कॉम

गांव डीघल में हुई साहिल उर्फ सोनू की हत्या का खुलासा हुआ है। आरोपी शिवम की गिरफ्तारी के बाद पता चला कि साहिल ने योगी नामक युवक की पिटाई का वीडियो वायरल किया था। इसी बेइज्जती का बदला लेने के लिए योगी ने लीला के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। शिवम ने उनका साथ दिया।

मारपीट का विडियो वायरल करने पर की गई थी साहिल की हत्या

n NBT न्यूज, झज्जर

8 अप्रैल को गांव डीघल में हुए साहिल उर्फ सोनू हत्याकांड में एक आरोपी शिवम की गिरफ्तारी के बाद नया खुलासा हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि साहिल ने डीघल चौक पर योगी नामक युवक की पिटाई का विडियो वायरल किया था। बेइज्जती का बदला लेने के लिए योगी ने लीला नामक युवक के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। शिवम ने दोनों आरोपियों का साथ दिया था। योगी और लीला पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

डीसीपी धारण यादव ने बताया कि आरोपी शिवम को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। हत्याकांड वाले दिन पुलिस को मौके से एक दर्जन से ज्यादा गोलियों के खोल मिले थे और तीन-चार कारतूस मिले थे। साहिल, योगी और लीला के खिलाफ कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। अवैध हथियार रखने व मारपीट के मामले शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शिवम को नोएडा सेक्टर-37 से काबू किया गया है। वारदात में शामिल गाड़ी को पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।