nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
उधार दिए 500 रुपये मांगने पर भाई की पीट पीटकर की गई हत्या के मामले में धौज थाना पुलिस ने दो साल बाद एक आरोपी को अरेस्ट किया है। दूसरा भाई अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने पहले मार पिटाई की धाराएं लगाई थीं, लेकिन इलाज के बाद हुई मौत में हत्या की धाराएं जोड़ दी गईं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए हत्यारोपी की पहचान गोविंदा के रूप में हुई है। वह तभी से राजस्थान में छिपकर रह रहा था।
गांव आलमपुर निवासी कुशलवती ने धौज पुलिस को मई 2024 को शिकायत दी थी। उसमें कहा गया कि पति के शराब पीने के कारण वह करीब छह महीने से उससे अलग मानेसर में किराये के मकान में रह रही है। 26 मई 24 को रात में 10 बजे देवर जशरथ का फोन आया कि भाई गोविंदा और दनेश बड़े भाई मुकेश को मार देंगे। ऐसा सुनकर वह अगले दिन करीब 12.30 बजे दोपहर घर पर आई तो पति की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें गुड़गांव ले जाकर एक अस्पताल में भर्ती कराया। देवर ने फोन पर बताया कि गोविन्दा और दनेश ने भाई मुकेश को लात घुसों से बहुत मारा है। कुछ दिन इलाज चलने के बाद मुकेश की मौत हो गई। महिला ने बताया कि उनके पति मुकेश ने गोविंदा काे पांच सौ रुपए उधार दिए थे। घटना वाले दिन उन्होंने अपने उधार पैसे मांगे तो दोनों भाइयों ने उनकी पिटाई कर घायल कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पति मुकेश की मौत हो गई।







