n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : साइबर ठगों ने एक बार फिर शातिर तरीके से लोगों को निशाना बनाते हुए क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार भारत कॉलोनी निवासी को अपना शिकार बनाया गया, जिससे कुल 85,100 रुपये की ठगी कर ली गई।
पीड़ित के अनुसार, 6 अप्रैल को उसे एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया गया। इसके बाद वॉट्सऐप के जरिए एक लिंक भेजा गया, जिस पर क्लिक करने के बाद उससे उसके क्रेडिट और डेबिट कार्ड की जानकारी भरवा ली गई। अगले दिन फिर से कॉल कर एक और लिंक भेजा गया और दूसरी बैंक के कार्ड की डिटेल भी हासिल कर ली गई। कुछ ही समय में पीड़ित के खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 85,100 रुपये निकाल लिए गए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर थाना सेंट्रल में लिखित शिकायत दी।


