n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। बल्लभगढ़ के डीसीपी प्रतीक अग्रवाल लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने इंटर स्टेट नाकों का निरीक्षण किया और जूलर्स के साथ बैठक कर सुरक्षा को लेकर अहम दिशा-निर्देश दिए।
14 अप्रैल को डीसीपी ने बल्लभगढ़ जोन में यूपी सीमा से सटे फज्जूपुर और मोहना स्थित इंटरस्टेट नाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को वाहनों की गहन जांच करने के निर्देश दिए। खास तौर पर बिना नंबर प्लेट और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर नजर रखने को कहा गया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके। वहीं, 15 अप्रैल को जूलरी शोरूम और दुकान मालिकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। इसमें डीसीपी ने जूलर्स को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए : उन्होंने कहा कि दुकानों में मजबूत लॉकर की व्यवस्था होनी चाहिए और सभी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसके अलावा उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और कम से कम तीन महीने तक की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। डीसीपी ने यह भी कहा कि दुकान पर आभूषण बेचने आने वाले व्यक्ति का वैध पहचान पत्र जरूर लिया जाए और उसका पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।


