शराब ठेके के बाहर दो गुटों में झड़प, जमकर चले लात-घूंसे, विडियो वायरल

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के सराय ख्वाजा में शराब ठेके के बाहर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। लात-घूंसे चले और लाठी-डंडों का भी प्रयोग हुआ। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस को अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। यह घटना कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है।

faridabad bloody clash between two groups outside liquor shop video of beating with sticks goes viral

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

शहर के सराय ख्वाजा क्षेत्र में स्थित एक शराब ठेके के बाहर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प का विडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि अभी उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शराब पीने को लेकर कोई विवाद हो गया होगा। घटना शाम के समय की बताई जा रही है, जब कुछ युवक ठेके के पास मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी शुरू हो गई। मामूली बहस कुछ ही मिनटों में उग्र रूप ले बैठी और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।

लाठी-डंडों से हमला कर रहे हैं : वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर रहे हैं। कुछ युवक मिलकर एक व्यक्ति को घेर लेते हैं और बेरहमी से पीटते हैं। वहीं दूसरी ओर भी दो-तीन युवक आपस में हाथापाई करते नजर आते हैं। झगड़े के दौरान एक युवक जमीन पर गिर जाता है, लेकिन उसे उठाकर फिर से पटक दिया जाता है, जिससे उसकी काफी चोटें आई हैं। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने के बजाय पूरे घटनाक्रम का विडियो बनाना ज्यादा जरूरी समझा। यह अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था : बताया जा रहा है कि झगड़े में शामिल युवक आसपास के क्षेत्रों, जैसे बदरपुर बॉर्डर और लक्कड़पुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह भी संभावना जताई जा रही है कि उनके बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। सराय ख्वाजा थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि वायरल विडियो की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।