n NBT न्यूज, हथीन : गुड़गांव नहर से हो रही पानी चोरी को रोकने के लिए सिंचाई विभाग के एसडीओ अंकित चौहान अपने स्टाफ के साथ स्वयं फील्ड में उतर गए हैं। नहर क्षेत्र के जिन स्थानों से पानी चोरी किया जा रहा है। वहां लगाए गए पाइपों एवं अन्य सामान को भी जब्त किया जा रहा है। एसडीओ चौहान ने बताया कि पानी चोरी करने वाले 27 लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ केस बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब पानी चोरी नहीं होने दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि संबंधित नहर से व्यापक पैमाने पर नहरी पानी की चोरी की जा रही है। इस संबंध में छांयसा गांव निवासी पूर्व सैनिक रामेश्वर सिंह ने प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री, जिला उपायुक्त स्तर तक शिकायतें दी हैं। इसके बावजूद समाधान नहीं हुआ है। 24 मार्च को जिला उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ स्वामिका गांव में आम आदमी की शिकायतें सुनने आए थे। उस समय भी पूर्व सैनिक रामेश्वर सिंह ने पानी चोरी की शिकायत की थी। जिला उपायुक्त वशिष्ठ ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि चोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।


