n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से मारपीट कर उसकी बाइक लूट ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में असावटी (पलवल) निवासी विवेक ने बताया कि 14 अप्रैल की रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त पवन के साथ अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए डीग गांव जा रहा था। जब वे प्रहलादपुर के सरकारी स्कूल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए दो बाइक सवारों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने विवेक के सिर पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए। जान बचाकर भागे दोनों दोस्तों ने बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल में इलाज कराया।



