NBT न्यूज, कुरुक्षेत्र : NIT कुरुक्षेत्र में बीटेक की छात्रा की आत्महत्या के बाद गुरुवार देर रात कैंपस में हालात तनावपूर्ण हो गए। हजारों छात्रों ने एकत्र होकर ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मुख्य द्वार बंद कर दिया और मीडिया की एंट्री पर रोक लगा दी।एनआईटी प्रशासन ने 17 अप्रैल से चार मई तक छुट्टी घोषित की है।
बी-टेक की छात्रा दीक्षा की मौत बाद देर रात तीन बजे तक कैंपस में हंगामा चला। हंगामे को देखते हुए एनआईटी प्रशासन ने मेन गेट बंद कर दिया और पुलिस बुला ली। इससे छात्र नाराज हो गए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि एक प्रोफेसर ने कहा था कि मरना हो तो कैपस से बाहर जाकर मरो। जब तक छात्रा को ब्रह्मसरोव जाकर सुसाइड करने की बात कहने वाले प्रोफेसर पर कार्रवाई नहीं होती, वे यहां से नहीं उठेंगे।

